मेरी भावना का व्याख्या सहित अर्थ
जुगलकिशोर जी ‘मुख्तार’ द्वारा 1916 में रचित मेरी भावना के वास्तविक अर्थ और उद्देश्य को हमें समझना चाहिए। केवल मेरी भावना का पाठ करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके प्रत्येक भाव को अपने जीवन में उतारना ही उसका वास्तविक उद्देश्य है। यदि प्रतिदिन दिन की शुरुआत इन श्रेष्ठ भावनाओं से की जाए, तो मन, विचार और जीवन सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ते हैं।
- “मेरी भावना” का अर्थ केवल प्रार्थना करना नहीं, बल्कि अपने भीतर श्रेष्ठ भावों का विकास करना है।
- जब ये भाव हमारे जीवन का हिस्सा बन जाते हैं, तभी वे हमारी वास्तविक भावना कहलाते हैं।
- प्रतिदिन इन भावनाओं का चिंतन करने से मन में सकारात्मकता बनी रहती है।
मैं हमेशा एक बात कहता हूँ—यदि कोई व्यक्ति करोड़ों ग्रंथ पढ़ ले, करोड़ों-करोड़ों पृष्ठों का अध्ययन कर ले, तब भी सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न यही रहेगा कि उसने अपने जीवन में क्या उतारा? कितना ज्ञान व्यवहार में आया और कितना केवल पुस्तकों तक सीमित रह गया?
इसीलिए मैं मानता हूँ कि एक बार पूरी “मेरी भावना” को अत्यंत ध्यानपूर्वक पढ़िए। इसके प्रत्येक शब्द, प्रत्येक पंक्ति और प्रत्येक भावना पर मनन कीजिए। ध्यान देने योग्य बात यह है कि इसका नाम “मेरी भावना” है। यह केवल पंडित जी की भावना नहीं है। यह किसी एक व्यक्ति की भावना नहीं है। न यह मनीष भैया की है, न सपना दीदी की। जो भी इसे पढ़ रहा है, उसे यह अनुभव होना चाहिए कि यह मेरी अपनी भावना है। जब आप अपनी प्रति में इसे लिखें या पढ़ें, तो सबसे ऊपर “मेरी भावना” ही लिखें और स्वयं से पूछें—मेरी भावनाएँ क्या हैं? मेरा जीवन कैसा होना चाहिए?
इसमें जिन-जिन गुणों और आदर्शों का वर्णन किया गया है, उन्हें केवल पढ़ने तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपनी जीवन-भावना बना लें। प्रतिदिन एक भावना चुनिए और उसे अपने जीवन का संकल्प बनाइए। उसे केवल मोबाइल के स्टेटस पर लगाने की आवश्यकता नहीं है। उसे अपने चित्त के स्टेटस पर स्थापित कीजिए।
हर सुबह स्वयं से कहिए—
- आज मुझे ऐसा बनना है।
- आज मुझे ऐसा आचरण करना है।
- आज इस एक भावना को अपने जीवन में उतारना है।
जब प्रतिदिन एक-एक भावना हमारे विचारों, व्यवहार और आचरण का हिस्सा बनने लगेगी, तभी “मेरी भावना” का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा। क्योंकि धर्म का सार केवल पढ़ना नहीं, बल्कि जीना है।